क्राइम

कसाई से प्यार करना पड़ा भारी, लिव-इन पार्टनर के कर दिए 40-50 टुकड़े, फिर बीवी के पास लौट गया

आरोपी तमिलनाडु में एक कसाई की दुकान में काम करता था और चिकन काटने में माहिर था। उसने महिला के शरीर के अंगों को 40 से 50 टुकड़ों में काटने के बाद उन्हें जंगल में जंगली जानवरों के खाने के लिए छोड़ दिया।

Image

लिव-इन पार्टनर के कर दिए टुकड़े-टुकड़े (File photo)

Photo : PTI

Jharkhand horror: झारखंड के खूंटी में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर उसके शव के 40-50 टुकड़े कर दिए। कसाई का काम करने वाले 25 वर्षीय शख्स ने झारखंड के खूंटी जिले के एक जंगली इलाके में अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव के कई टुकड़े कर दिए। नरेश भेंगरा नाम के हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कुत्तों की वजह से खुला मामला

यह मामला हत्या के करीब दो सप्ताह बाद तब सामने आया जब 24 नवंबर को जरियागढ़ थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव के पास एक आवारा कुत्ते को शरीर के अंग मिले। भेंगरा पिछले कुछ सालों से तमिलनाडु में उसी जिले की 24 वर्षीय महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। कुछ समय पहले वह झारखंड लौटा और अपनी पार्टनर को बताए बिना दूसरी महिला से शादी कर ली। इसके बाद वह अपनी पत्नी को घर पर ही छोड़कर तमिलनाडु वापस चला गया।

जानिए हत्याकांड की पूरी कहानी

खूंटी के एसपी अमन कुमार ने बताया कि यह क्रूर घटना आठ नवंबर को हुई। आरोपी ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी और वह लिव-इन पार्टनर को अपने घर नहीं ले जाना चाहता था। इसके बजाय वह उसे जरियागढ़ थाने के जोरदाग गांव में अपने घर के पास एक जंगल में ले गया और उसकी हत्या कर शव को कई टुकड़ों में काट दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की जांच करने वाले इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि आरोपी तमिलनाडु में एक कसाई की दुकान में काम करता था और चिकन काटने में माहिर था। अशोक सिंह ने कहा, उसने महिला के शरीर के अंगों को 40 से 50 टुकड़ों में काटने की बात स्वीकार की और फिर उन्हें जंगल में जंगली जानवरों के खाने के लिए छोड़ दिया। 24 नवंबर को इलाके में एक कुत्ते के मुंह में कटा हुआ हाथ नजर आया जिसके बाद पुलिस ने कई अंग बरामद किए।

अशोक सिंह ने बताया कि पीड़िता नरेश की शादी से अनजान थी और उसने उस पर खूंटी लौटने का दबाव बनाया। रांची पहुंचने के बाद वे 24 नवंबर को ट्रेन में सवार हुए और नरेश के गांव चले गए। योजना के तहत नरेश उसे अपने घर के पास एक ऑटोरिक्शा में खूंटी ले गया और उसे इंतजार करने के लिए कहा। फिर वह धारदार हथियार लेकर लौटा और उसके साथ बलात्कार करने के बाद दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।

शव के 40-50 टुकड़े कर बीवी के पास चला गया

अधिकारी ने कहा, इसके बाद उसने महिला के शव को 40 से 50 टुकड़ों में काटा और अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए अपने घर चला गया। शव के अंगों की बरामदगी के बाद जंगल में एक बैग भी मिला, जिसमें मृतका का आधार कार्ड व अन्य सामान था। महिला की मां को मौके पर बुलाया गया और उसने अपनी बेटी के सामान की पहचान की। इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इससे 2022 में हुई श्रद्धा वॉकर हत्याकांड की याद अभी भी लोगों के जेहन में ताजा है। श्रद्धा वॉकर की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर ने की थी और शव के टुकड़े-टुकड़े करके उन्हें दक्षिणी दिल्ली के महरौली के जंगल में फेंक दिया था। (पीटीआई)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article