Khunti Gangrape: झारखंड के खूंटी जिले से एक शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां 5 नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ 18 नाबालिग लड़कों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घटना की पुष्टि की। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 18 नाबालिग लड़कों को डिटेन (Detained) कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शादी समारोह से लौट रही थी लड़कियां
बताया जा रहा है कि गैंगरेप की इस वारदात को रनिया क्षेत्र में अंजाम दिया गया। रनिया क्षेत्र की रहने वाली पांच नाबालिग लड़कियां शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह से लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में लड़कियों को डरा-धमकाकर 18 लड़कों ने उनके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही लड़कियों को इस बारे में किसी को बताने से मना किया और धमकी दी कि अगर किसी को इस घटना के बारे में पता लगा तो इसका अंजाम बुरा होगा।
घटना के बाद किसी तरह नाबालिग लड़कियां घर पहुंची और अपने परिवार को इस पूरे मामले के बारे में बताया। परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ अगले दिन रनिया थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने नाबालिग लड़कियों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा नेतृत्व में एक एसआईटी बनाई गई थी। एसआइटी ने इस वारदात में शामिल 18 लड़कों को डिटेन किया और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
