क्राइम

झारखंड में नक्सलियों का विभत्स करतूत, चतरा में NIA के गवाह की हत्या; जंगल में मिली लाश

झारखंड में नक्सलियों ने एक बहुत ही क्रूर तरीके से हत्या को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने एनआईए के एक गवाह को गोली मारकर और धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी है।

Image

झारखंड में नक्सलियों ने NIA के गवाह को मारा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत टंडवा में विष्णु साव नामक जिस शख्स की हत्या रविवार को नक्सलियों ने कर दी, वह टेरर फंडिंग के केस में एनआईए (नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी) का गवाह था। चतरा-लातेहार सीमा पर जंगल से उसका शव मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

पुलिस की छापेमारी जारी

एसपी विकास पांडेय ने कहा है कि वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विष्णु साव टंडवा थाना क्षेत्र के लेंबुवा गांव का रहने वाला था। पूरे इलाके में उसकी पहचान सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में थी। नक्सलियों द्वारा आतंक फैलाकर ठेकेदारों-व्यवसायियों से अवैध रूप से रकम उगाही के मामले में एनआईए ने उसे गवाह बनाया था।

मां के सामने अपहरण

टेरर फंडिंग को लेकर टंडवा थाने में दर्ज एफआईआर में प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के कई टॉप नक्सली आरोपी हैं। इनमें से कुछ नक्सली जेल में बंद हैं। विष्णु साव खेती और पशुपालन से जुड़ा था। रविवार सुबह वह मवेशी लेकर जंगल जा रहा था, तभी चार-पांच हथियारबंद नक्सलियों ने उसका अपहरण कर लिया। उस वक्त उसकी मां भी उसके साथ थीं। हथियारबंद नकाबपोश नक्सली उसे खींचकर पहाड़ की तरफ ले गए।

जंगल में मिली लाश

इस बीच परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। टंडवा थाना पुलिस ने इस पर पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया, तो पहाड़ी के पास विष्णु का शव बरामद हुआ। उसकी हत्या गोली मारकर और धारदार हथियार से की गई है। एनआईए के गवाह विष्णु की हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सिमरिया के भाजपा विधायक उज्ज्वल दास ने कहा है कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस सरकारी एजेंसी एनआईए के गवाह को भी सुरक्षा देने में नाकाम रही है।

IANS की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article