क्राइम

जयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड दोहराने की कोशिश, दुकान में घुसकर नुकीली चीज से गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार, CCTV में कैद हुई वारदात

Jaipur Crime News: पीड़ित व्यापारी विशाल छेड़वाल ने बताया कि 15 जून को एक युवक अचानक से उनकी दुकान में घुस आया। विशाल कुछ लेने के लिए नीचे झुके, तभी आरोपी ने नुकीली चीज से उनकी गर्दन पर कई वार किए। बता दें, 28 जून, 2022 को उदयपुर में ठीक इसी तरह कन्हैयालाल साहू की हत्या कर दी गई थी।

Image

Jaipur Crime

Jaipur Crime News: राजस्थान के उदयपुर में 28 जून, 2022 को हुए कन्हैयालाल हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी। यहां टेलरिंग की दुकान चलाने वाले कन्हैयालाल साहू को दो आतंकियों ने फरसे से गर्दन काट मौत के घाट उतार दिया था। इस हत्याकांड की खौफनाक यादें लोगों के जेहन में आज भी ताजा हैं। इस बीच जयपुर में ऐसे ही एक घटना सामने आई है।

जयपुर में एक युवक पर कन्हैयालाल हत्याकांड जैसा हमला किया गया है। गनीमत यह रही कि युवक बाल-बाल बच गया। इस वारदार की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी दुकान में घुसकर दुकानदार विशाल छेड़वाल पर हमला करता दिख रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने साधारण मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।

10 मिनट से दुकान की रेकी कर रहा था आरोपी

इस मामले में पीड़ित व्यापारी विशाल छेड़वाल ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने बताया कि 15 जून को एक युवक करीब 10 मिनट से उनकी दुकान की रेकी कर रहा था। उसने अपना चेहरा मास्क से छिपा रखा था। पीड़ित विशाल ने बताया कि करीब 4 बजे वह अनजान युवक अचानक से उनकी दुकान में घुस आया। विशाल कुछ लेने के लिए नीचे झुके, तभी आरोपी ने नुकीली चीज से उनकी गर्दन पर कई वार किए।

मौके से भाग निकला आरोपी

वीडियो में देखा जा सकता है कि हमले के बाद पीड़ित विशाल आरोपी को पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह भाग निकलता है। विशाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद वह सोडाला पुलिस थाना पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी दी। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article