क्राइम

पंजाब में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, हथियारों के साथ 5 गिरफ्तार; पुलिस थाने पर कर चुके थे हमला

पंजाब में एक आतंकी मॉड्यूल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इसके पांच सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी पंजाब में पुलिस थाने पर भी हमला कर चुके हैं।

Image

पंजाब में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

पंजाब पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) द्वारा संचालित पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित एक और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि इस मॉड्यूल का संचालन विदेश में रहने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया और शमशेर उर्फ हनी कर रहे थे। इसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सदस्यों में मास्टरमाइंड अभिजोत सिंह भी शामिल है, जो दो पुलिस संस्थानों पर हैंड ग्रेनेड फेंकने में शामिल था।

दो पिस्टल भी मिला

डीजीपी ने कहा, ''इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके पंजाब पुलिस ने राज्य में पुलिस संस्थानों पर हमलों की सभी घटनाओं को सुलझा लिया है। गिरफ्तार किए गए बाकी चार व्यक्तियों की पहचान कुलजीत सिंह, रोहित उर्फ घेसी, शुभम और गुरजिंदर सिंह उर्फ राजा के रूप में हुई है। सभी बटाला के किला लाल सिंह के निवासी हैं। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से दो पिस्टल बरामद की, जिनमें एक 9 एमएम ग्लॉक और एक 32 बोर की पिस्टल है।

पुलिस थाने पर कर चुके थे हमला

उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर को रात करीब 10.20 बजे बटाला के घनिया के बांगर थाने पर कुछ लोगों ने हथगोला फेंका था। इसके बाद 20 दिसंबर को रात करीब 9.30 बजे गुरदासपुर के वडाला बांगर पुलिस चौकी पर हमला हुआ। यह सफलता बटाला के घनीया के बांगर थाने पर 12 दिसंबर को रात 10.20 बजे और 20 दिसंबर को रात 9.30 बजे गुरदासपुर की वडाला बांगर पुलिस चौकी पर हुए हमलों के बाद मिली। इन घटनाओं के बाद, आतंकवादी संगठन बीकेआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न पोस्टों के माध्यम से इन आतंकवादी हमलों की जिम्मेदारी ली थी।

दो आरोपी घायल

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जब आरोपी अभिजोत सिंह और कुलजीत सिंह को रिकवरी के लिए ले जाया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत से भागने की कोशिश की। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलीबारी की, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें बटाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस जांच जारी

डीजीपी ने बताया कि इस मामले के बाकी के तार जोड़ने और इस पूरे आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। पुलिस उप महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस संस्थानों पर हुए हमलों के बाद बटाला पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया। तकनीकी और मानवीय इंटेलिजेंस के आधार पर, एसएसपी बटाला सुहैल कासिम मीर की निगरानी में पुलिस टीमों ने सभी आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि इस मामले की आगे की जांच जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी की उम्मीद है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article