Solapur Crime: महाराष्ट्र के सोलापुर से हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने 14 साल के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल, फोन पर अडल्ट कंटेंट देखने और फिर लड़कियों के साथ छेड़खानी करने के बेटे की करतूत से पिता आजिज हो चुका था। इस आदत से बेटे को छुटकारा दिलाने के बजाय उसने उसे मार डाला। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गत 13 जनवरी की है।
सोलापुर में पिता ने बेटे का किया कत्ल।
बेटे से कथित रूप से परेशान हो चुका था पिता
पुलिस के मुताबिक सोलापुर सिटी में दर्जी का काम करने वाला विजय बट्टू अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। बताया जाता है कि विजय का लड़का नियमित रूप से फोन पर अडल्ट केंटेंट देखा करता था। वह इसका आदी हो चुका था। अडल्ट कंटेंट देखने के बाद वह लड़कियों को छेड़ा करता था। बेटे की अपनी इस आदत से विजय परेशान हो चुका था। इस आदत से छुटकारा दिलाने के बजाय उसने गत 13 जनवरी को उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने पुलिस में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस की जांच में उसका अपराध पकड़ में आ गया। बेटे को मारने के जुर्म में पुलिस ने विजय को गत 28 जनवरी को गिरफ्तार किया।
बेहोश होने के बाद बेटे को नाले में फेंका
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक विजय गत 13 जनवरी को अपने बेटे विशाल को बाइक से बाहर लेकर गया और उसने सोडियम नाइट्रेट मिला हुआ सॉफ्ट ड्रिंक उसे पीने के लिए दिया। जगरीला ड्रिंक पीने के बाद विशाल जब बेहोश हो गया तो विजय ने उसे घर के समीप एक नाले में फेंक दिया। वहां से विजय घर लौटा और फिर पत्नी के साथ पुलिस स्टेशन पुहंचा। पुलिस को गुमराह करने एवं कानून से बचने के लिए उसने अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लोगों के बयान से पिता पर हुआ पुलिस को शक
शिकायत के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। जांच के दौरान ही नाले से विशाल का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विशाल की मौत सोडियम नाइट्रेट से होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान लोगों ने पुलिस के जो बयान दर्ज किए उससे विशाल के माता-पिता पर पुलिस को शक गहरा गया।
पत्नी ने पुलिस को सच्चाई बताई
पुलिस ने विजय की पत्नी से कड़ाई से पूछताछ की। इस पर उसने सारी बात बता दी। गिरफ्तार होने के बाद विजय ने बताया कि 14 साल का उसका लड़का अडल्ट कंटेंट का आदी हो चुका था और पास-पड़ोस से उसके द्वारा लड़कियों को छेड़ने की शिकायतें आने लगी थीं। विजय ने बताया कि शिकायतें बर्दाश्त की सीमा पार कर दीं जिसके बाद उसने बेटे को मारने का फैसला कर लिया।
