Surat Latest News in Hindi: गुजरात के सूरत शहर में कथित तौर पर 'लव जिहाद' का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुस्लिम युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसा कर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया। पीड़िता पक्ष की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ केस हुआ और उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की शिनाख्त शोएब शफी शेख के रूप में हुई है। उसने 15 साल की लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। खटोदरा थाने के पीआई आरके धूलिया ने इस बारे में आपके प्रिय हिंदी खबरिया चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत को शुक्रवार (18 अगस्त, 2023) को बताया- आरोपी भटार रोड का रहने वाला है। वह मटन शॉप पर काम किया करता था।
पुलिस ने आगे जानकारी दी- दुकान पर काम के दौरान वह क्षेत्र की नाबालिग लड़की से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी, जिसके बाद उसने पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाया और कई बार दुष्कर्म किया।
आरोप है कि शेख ने उसे एक बार गर्भवती भी कर दिया, जिसके चलते नाबालिग को गर्भपात भी कराना पड़ा। चूंकि, कुछ रोज पहले लड़की की तबीयत खराब हो गई थी, लिहाजा उसके घर वालों को शक हुआ।
बच्ची से परिजन ने जब सख्ती से पूछा तो उसने तब पूरी बात बताई कि उसके साथ क्या कुछ बीती। वह डर के मारे ये सब किसी को नहीं बता रही थी। पीड़िता के परिजन की शिकायत के बाद पुलिस ने शेख को अरेस्ट किया।
