Irish-British Woman Rape-Murder Case: गोवा में ब्रिटिश आयरिश महिला पर्यटक से रेप-मर्डर केस में आरोपी विकट भगत को अदालत ने दोषी करार दिया है। अदालत ने आज 28 वर्षीय आयरिश-ब्रिटिश नागरिक डेनियल मैकलॉघिन के 2017 के बलात्कार और हत्या मामले में आज फैसला सुना दिया। यह मामला मडगांव के जिला और सत्र न्यायालय की न्यायाधीश क्षमा जोशी के समक्ष सुनवाई के लिए आया था। मैकलॉघिन 14 मार्च, 2017 को दक्षिण गोवा जिले के कैनाकोना गांव के एक जंगली इलाके में मृत पाई गई थी। इस अपराध में स्थानीय निवासी विकट भगत (31) को गिरफ्तार किया गया था।
परिजनों ने जताई न्याय की उम्मीद
विकट भगत उत्तरी गोवा के कोलवले स्थित सेंट्रल जेल में बंद है। भगत ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुनवाई में हिस्सा लिया। पीड़िता की मां एंड्रिया ब्रैनिगन न्यायिक प्रक्रिया को देखने के लिए गोवा में हैं। ब्रैनिगन के वकील विक्रम वर्मा ने कहा कि परिवार के सदस्यों को उम्मीद है कि न्याय होगा। उन्होंने कहा कि लड़की की नृशंस हत्या हुई। हमें उम्मीद है कि न्याय होगा।
रेप के बाद पत्थर मारकर की हत्या
वर्मा ने कहा कि अभियोजन पक्ष ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पेश किए हैं, उन्होंने कहा कि चूंकि पीड़िता मर चुकी थी, इसलिए मामला ज्यादातर परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित था। उत्तर पश्चिमी आयरलैंड के डोनेगल की रहने वाली डेनियल बैकपैकर पर्यटक के रूप में गोवा घूमने आई थी, जब भगत ने उससे दोस्ती की और उसके साथ एक शाम बिताने के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस चार्जशीट के अनुसार, डेनियल को पत्थर से मारा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
