क्राइम

Atiq Ahmad murder: अतीक-अशरफ की हत्या में सुंदर भाटी कनेक्शन, हमलावरों तक कैसे पहुंची महंगी जिगाना पिस्टल?

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 17, 2023, 12:29 PM IST

Atiq Ahmad murder: रिपोर्टों की मानें तो सनी एक मामले में सुंदर भाटी के साथ हमीरपुर की जेल में बंद रहा। इससे भाटी के इशारे पर अतीक और अशरफ की हत्या की आशंका जताई जा रही है। चर्चा इस बात की भी है कि जिस जिगाना पिस्टल अतीक एवं अशरफ को गोली मारी गई। वो पिस्टल भी भाटी गैंग ने उपलब्ध कराया।

Image

शनिवार रात अतीक और अशरफ की हुई हत्या।

Atiq Ahmad murder : माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या मामले के तार कुख्यात सुंदर भाटी गैंग से जुड़ते दिख रहे हैं। तीन हमलावरों ने शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे उस वक्त अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी जब प्रयागराज के एक अस्पताल में दोनों को मेडिकल के लिए लाया गया था। हत्या करने के बाद इन तीनों ने सरेंडर कर दिया। इनकी पहचान लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें से सनी सिंह सुंदर भाटी गैंग से जुड़ा हुआ है।

हमीरपुर जेल में भाटी से मिला सनी

रिपोर्टों की मानें तो सनी एक मामले में सुंदर भाटी के साथ हमीरपुर की जेल में बंद रहा। इससे भाटी के इशारे पर अतीक और अशरफ की हत्या की आशंका जताई जा रही है। चर्चा इस बात की भी है कि जिस जिगाना पिस्टल अतीक एवं अशरफ को गोली मारी गई। वो पिस्टल भी भाटी गैंग ने उपलब्ध कराया। हालांकि, इसके बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी इसी तरह के पिस्टल के इस्तेमाल की बात कही जाती है।

जेल से बाहर आने के बाद गिरोह के संपर्क में था

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल भाटी हमीरपुर की जेल में बंद था। इसी जेल में भाटी कथित रूप से सनी से मिला। सनी लूट के एक मामले में सलाखों के पीछे था। समझा जाता है कि यहीं भाटी ने सनी को अपने भरोसे में मिला और उसे अपने गिरोह में शामिल किया। रिपोर्टों के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद सनी भाटी गिरोह के संपर्क में रहने लगा। भाटी गैंग के पास एक-47 सहित कई घातक हथियार होने की बात कही जाती है।

महंगी पिस्टल सनी तक कैसे पहुंची, जांच जारी

ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तुर्की में बनी जिगाना पिस्टल भाटी गिरोह से सनी को मिली होगी। हालांकि, सनी जैसे मामूली अपराधी के पास जिगाना जैसी पिस्टल कैसे पहुंची, इस बारे में पुलिस अधिकारी साफ-साफ कुछ नहीं कह रहे। पिस्टल मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। हालांकि, पुलिस के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर मीडिया को बताया कि सुंदर भाटी और अतीक अहमद के बीच किसी तरह की अदावत थी, यह अभी सामने नहीं आया है।

कौन है सुंदर भाटी

सुंदर भाटी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के घंघोला गांव का कुख्यात गैंगस्टर है। भाटी के ऊपर हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, उगाही सहति 60 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। दनकौन के 35 वर्षीय हरेंद्र प्रधान की हत्या मामले में भाटी को 2021 की आजीवन कारावास की सजा हुई। भाटी इस समय सोनभद्र जेल में बंद है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article