Etah Murder: उत्तर प्रदेश के एटा से ऐसी खबर सामने आई है, जो किसी को भी झकझोर कर रख देगी। यहां एक बेटे ने अपनी मां को ही मौत के घाट उतार दिया और उसका शव अपने खेत में दफना दिया। पुलिस ने बताया कि मामला सकरौली थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर का है, जहां प्रॉपर्टी के लालच में बेटे ने मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान रमा शंकर के रूप में की गई है। उसने अपनी मां सीमा देवी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि रमा शंकर एक प्रॉपर्टी बेचना चाहती था, लेकिन मां उसके लिए राजी नहीं थी। इस कारण उसने अपनी मां की हत्या करके शव को अपने ही खेत में दफना दिया।
चार दिन पहले की गई थी हत्या
पुलिस ने बताया कि चार दिन पहले रमाशंकर ने अपनी मां की हत्या करके शव को दफना दिया था। जब पुलिस को इस बात का पता चला तो उन्होंने पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि रमाशंकर ने अपने दो साथियों रामबाबू और नीरज की मदद से सीमा देवी के शव को एक कपड़े में बांधा और चुपचाप खेत पर जाकर उसे दफना दिया। पुलिस ने रमाशंकर की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
