क्राइम

महाराष्ट्र: बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 1.25 करोड़ रुपये ठगे, ऐसे शिकंजे में फंसाया

नवंबर में अपराध शाखा के साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में महिला ने बताया था कि उन्हें एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने खुद को भारतीय रिजर्व बैंक की अधिकारी बताया।

Image

डिजिटल अरेस्ट कर 1.5 करोड़ की ठगी

Photo : PTI

Digital Arrest Case: महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर जालसाजों ने एक बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 1.25 करोड़ रुपये की ठगी की। जालसाजों ने 68-वर्षीय महिला पर वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया और इससे बचने के वास्ते पैसों का भुगतान करने के लिए दबाव डाला। पुलिस ने बताया कि महिला गोरेगांव शहर की निवासी है और अपने पति के साथ रहती है। एक अधिकारी ने बताया कि नवंबर में अपराध शाखा के साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में महिला ने बताया था कि उन्हें एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने खुद को भारतीय रिजर्व बैंक की अधिकारी बताया।

क्रेडिट कार्ड बकाया को लेकर दिया झांसा

उन्होंने बताया कि उसने पीड़िता को क्रेडिट कार्ड का बकाया न चुकाने पर मामला दर्ज करवाने की धमकी दी और हैदराबाद पुलिस से बात करने के लिए कहा। इसके बाद खुद को एक पुलिस अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने पीड़िता से बात की।

अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति (फर्जी पुलिस अधिकारी) ने दावा किया कि पीड़िता के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल हैदराबाद में 500 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी में किया गया और उसके खाते में 20 लाख रुपये जमा किए गए। इसके बाद उस व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह कॉल को सीबीआई अधिकारी को ट्रांसफर कर रहा है। फिर फर्जी सीबीआई अधिकारी ने पीड़ित महिला को वीडियो कॉल किया और उसे गिरफ्तार करने की धमकी दी।

अधिकारी ने बताया कि जालसाजों ने उससे कहा कि अगर वह खुद को गिरफ्तारी से बचाना चाहती है तो उसे दिए गए बैंक खातों में पैसा जमा करना होगा। इसके बाद महिला ने एक महीने के भीतर करीब 1.25 करोड़ रुपये जमा कर दिए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article