छपरा: जिले में शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां जलालपुर थाना क्षेत्र के मखनपुरा में दो युवकों के शव सड़क किनारे पड़े देखे गए। दोनों युवकों के सिर पर गोली मारकर हत्या की गई है। एक युवक का हाथ रस्सी से बांधा गया। शवों के पास से मिले मोबाइल और बाइक के आधार पर मृतकों की पहचान मसरख थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव निवासी अशरफ और फारुख के रूप में हुई है। । डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। हत्या के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है, लेकिन प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या होने की आशंका जाहिर की जा रही है। फारुख नामक युवक के हाथ बंधे होने के चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि पूर्व के विवाद में सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल, स्थानीय पुलिस डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम का इंतजार कर रही है। फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
