Delhi Crime : दिल्ली में एक नाबालिग लड़की का कथित रूप से रेप करने के आरोप में पुलिस ने खुद को 'काला जादूगर' बताने वाले एक ढोंगी को गिरफ्तार किया है। लड़की का पिता गंभीर बीमारी से पीड़ित था और इस ढोंगी ने लड़की से वादा किया कि वह अपने 'काला जादू' से उसके पिता को ठीक कर देगा। पुलिस में दी गई अपनी शिकायत में 12 साल की लड़की ने कहा कि 'काला जादू' करने के बहाने आरोपी उसे कंझावला इलाके के एक कब्रिस्तान में ले गया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी झाड़-फूंक से उसके पिता ठीक हो जाएंगे। लेकिन 'काला जादू' करने की जगह आरोपी ने उसका यौन शोषण किया।
आरोपी की पहचान 51 साल के शराफत के रूप में हुई
रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी मदद के बहाने लड़की के घर आया जाया करता था। एक दिन आरोपी लड़की के घर आया और उसके पिता से कहा कि वह किसी को भेजकर दुकान से राशन और झाड़-फूंक का सामान मंगवा ले। पिता ने अपने बेटे को राशन लाने के लिए भेज दिया, बाद में आरोपी ने बच्ची को झाड़-फूंक के सामान मंगवाने के लिए बुला लिया। इसके बाद वह नाबालिग को एक कब्रिस्तान में लेकर गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की पहचान 51 वर्षीय शराफत के रूप में हुई है।
आरोपी के पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
आरोपी कैसे उसे झांसा देकर कब्रिस्तान ले गया, इसके बारे में लड़की ने पुलिस को बताया। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ पॉक्टो एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। लड़की का मेडिकल एसजीएम अस्पताल में हुआ जिसमें उसके साथ रेप की पुष्टि हुई।
