Delhi News: उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सोनिया विहार के साढ़े चार पुस्ता इलाके में 35 वर्षीय मनीष यादव को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। गोली मारने के बाद वे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीएनजी पंप पर काम करते हैं मनीष
जानकारी के अनुसार, मनीष यादव सोनिया विहार इलाके के स्थानीय निवासी हैं और एक सीएनजी पंप पर काम करते हैं। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों युवकों ने उन्हें घर से बाहर बुलाया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हमलावरों ने नकाब पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
गोलीबारी के पीछे आपसी रंजिश की आशंका
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आसपास के लोगों ने मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती तौर पर गोलीबारी के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक हमले की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों ने मनीष यादव को निशाना क्यों बनाया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए घटनाक्रम से संबंधित जानकारियों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान और घायल मनीष यादव की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
