क्राइम

शाम को आ जाइए, लटक जाते हैं- यौन शोषण केस में पेशी के बाद बोले बृज भूषण शरण सिंह, कोर्ट में आरोप नहीं किए स्वीकार

Brij Bhushan Sharan Singh: आज कोर्ट में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा दायर एक आपराधिक मामले में यौन उत्पीड़न, धमकी और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप तय किए।

Image

महिला पहलवान यौन शोषण केस में बृजभूषण शरण सिंह हैं आरोपी

Photo : PTI

Brij Bhushan Sharan Singh: महिला पहलवान यौन शोषण केस में आरोपी बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह पर मंगलवार को कोर्ट ने आरोप तय कर दिए। कोर्ट मे पेशी के दौरान बृजभूषण शरण सिंह से जब आरोप स्वीकारने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो दोषी नहीं हैं, इसलिए आरोप स्वीकार करने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। पेशी के बाद बृजभूषण शरण सिंह जब कोर्ट से बाहर निकले तो मीडिया से बात करते हुए भी बरस पड़े।

कोर्ट में क्या-क्या हुआ

आज कोर्ट में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा दायर एक आपराधिक मामले में यौन उत्पीड़न, धमकी और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप तय किए। बृज भूषण ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) प्रियंका राजपूत के समक्ष खुद को निर्दोष बताया और सुनवाई की मांग की। बृज भूषण ने कहा- "जब मैं दोषी नहीं हूं तो मैं दोष स्वीकार क्यों करूंगा?"

एक जून को अगली सुनवाई

बृज भूषण शरण सिंह ने डब्ल्यूएफआई प्रमुख के रूप में विदेश यात्रा के सीडीआर, यात्रा दस्तावेजों की आपूर्ति की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया है। उनके वकील ने कहा कि उनका तर्क यह है कि वह विदेशों में खिलाड़ियों के साथ एक ही होटल में नहीं रुके थे। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। मामला 1 जून दोपहर 2 बजे के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

कोर्ट के बाहर क्या हुआ

पेशी के बाद जब बृज भूषण शरण सिंह से उनकी पिछली टिप्पणी के बारे में पूछा गया, तो बृजभूषण शरण सिंह ने कहा "शाम को आ जाइए, लटक जाते हैं। क्या आप मजाक कर रहे हैं? मैंने कहा था कि जिस दिन आरोप साबित होंगे...फिलहाल, मेरे खिलाफ आरोप तय किए गए हैं। उन्हें अब इसे अदालत में साबित करना होगा और उनके पास मौजूद सबूतों के बारे में बताना होगा... मेरे पास मेरी बेगुनाही के सभी सबूत हैं... ये सभी झूठे मामले हैं, दिल्ली पुलिस को साबित करना होगा कि उनके पास मेरे खिलाफ क्या सबूत हैं...।''

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article