Delhi ACP Son Murder: दिल्ली पुलिस के एक सहायक आयुक्त(एसीपी) के बेटे की गुमशुदगी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। एसीपी के बेटे के दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस की जानकारी में सामने आया है कि उसके दो दोस्तों ने पैसों के विवाद को लेकर हरियाणा में एक नहर में कथित तौर पर धक्का दे दिया। पुलिस ने बताया कि उसने बताया कि लक्ष्य चौहान (26) का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया है।
पुलिस के बताया कि आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि लक्ष्य चौहान अपने दो दोस्तों विकास भारद्वाज और अभिषेक के साथ सोमवार को हरियाणा के सोनीपत में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। जब वह अगले दिन घर नहीं लौटा तो उसके पिता एसीपी यशपाल सिंह ने मंगलवार को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सिंह बाहरी-उत्तरी दिल्ली के एसीपी (अभियान) के रूप में तैनात हैं।
मुख्य आरोपी अब तक फरार
पुलिस ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान कुछ गड़बड़ी का संदेह हुआ जिसके बाद शिकायत को अपहरण की प्राथमिकी में बदल दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि मामले में शुक्रवार को हत्या की धारा जोड़ी गई और इस सिलसिले में अभिषेक को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, मुख्य आरोपी अब तक फरार है, उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
अब तक नहीं मिली लाश
पुलिस को अब तक लक्ष्य चौहान की लाश बरामद नहीं हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नहर में गोताखोरों से भी तलाशी अभियान चलवाया, लेकिन अब तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस को शक है कि इस घटना को सोनीपत से लौटते समय अंजाम दिया गया। लक्ष्य को नहर में धक्का देने के बाद दोनों आरोपी लक्ष्य की कार को बेचना चाहते थे, हालांकि पुलिस ने कार बरामद कर ली है।
