Jehanabad Bihar Murder: बिहार के जहानाबाद में अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर दो व्यक्ति की हत्या कर दी। हालांकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता नही चल सका है लेकिन आशंका जताई जा रही है ओझागुनी में दोनो की हत्या की गई है। घटना काको थाना क्षेत्र के एनवां गांव के समीप स्थित डैनी नहर के समीप की है। डबल मर्डर की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान रामबली यादव और काशी चंद्रवंशी के रूप में की गई है। दोनो पाली थाना क्षेत्र के अफजलपुर टोला मुबारकपुर गांव के रहने वाले थे। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तीन दिनों पूर्व झाड़फूंक के काम से दोनों एक साथ गए थे जहां गुरुवार की शाम परिजनों से फोन पर भी बात हुई थी। शुक्रवार की सुबह जब घर नही आये तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने फोन कर पुलिस को बताया कि एनवां गांव के समीप दो व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना पाकर घटना स्थल पर परिजन पहुंच गए जहां उन्होंने दोनो शवों की पहचान की। परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नही थी। रामबली यादव भगत (झाड़फूंक ) का काम करते थे काशी चंद्रवंशी उनका इस काम मे हाथ बटाते थे। वही इस घटना से दोनो के परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्गा पूजा की खुशी मातम में बदल गयी।
इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी संगीता ने बताया कि दो व्यक्ति की हत्या हुई है। हालांकि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नही चल पाया है कि आखिर घटना के पीछे कौन लोग है और हत्या की वजह क्या है ? फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक जांच टीम को घटना स्थल पर बुलाकर मामले की तफ्तीश में जुटी है।
