Punjab: पंजाब में एक और कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई है। हाल के महीनों में कांग्रेस के नेताओं पर राज्य में हमले बढ़ गए हैं। मोगा जिले में हुई हत्या की जिम्मेदारी एक खालिस्तानी आतंकवादी ने ली है।
घर में घुसकर हत्या
पंजाब के मोगा जिले में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने कांग्रेस के एक स्थानीय नेता की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज में हमलावर के फरार होने से पहले उसे बलजिंदर सिंह बल्ली (45) पर गोली चलाते हुए देखा जा सकता है। यह घटना बल्ली के दल्ला गांव की है।
कांग्रेस भड़की
पुलिस ने बताया कि बल्ली को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे. एलनचेझियन और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बल्ली, मोगा जिले के अजीतवाल ब्लॉक के पार्टी प्रमुख थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने घटना की कड़ी निंदा की है।
खालिस्तानी आतंकी ने ली जिम्मेदारी
कांग्रेस नेता की हत्या की जिम्मेदारी एक खालिस्तानी आतंकी अर्श डाला ने लिया है। अर्श डाला ने इसकी जिम्मेदारी फेसबुक पोस्ट के जरिए ली है। अर्श ने कहा है कि उसने बल्ली से गैंगेस्टर बनने का बदला लिया है। बल्ली की वजह से ही वो गैंगेस्टर बना है।
