अजमेर में 14 अप्रैल को घटित सनसनी खेज वारदात ने सभी को हिला कर रख दिया। यहां एक भजन गायक ने 6 महीने की गर्भवती पत्नी का गला घोंटकर मार डाला। हत्या के बाद प्रेमिका को कॉल कर कहा कि हमारी योजना के अनुसार पत्नी को मार दिया है। आरोपी ने अपने ससुराल वालों और परिवार को गुमराह करने के लिए कभी हार्टअटैक और कभी सुसाइड करने की बात कही। वह पुलिस को भी बार-बार गुमराह करता रहा। जब सख्ती से पूछताछ की तो प्रेमिका के साथ वारदात को अंजाम देने की बात कबूली।
प्रेमिका से शादी करना चाहता था
मामला मांगलियावास थाना क्षेत्र के गांव डोडियाना का है। पुलिस ने गुरुवार (17 अप्रैल) को आरोपी भजन गायक शिवजी (33) और उसकी प्रेमिका रेखा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और रेखा 5 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों शादी करना चाहते थे। इसलिए पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए प्लानिंग की थी।
गला घोंटकर ली पत्नी की जान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल की रात को शिवजी ने बातचीत के बहाने पत्नी शोभा को छत पर बुलाया और गमछे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। 24 साल की शोभा देवी का शव उनके घर की छत पर मिला है। उसके मुंह से खून निकल रहा था और जीभ बाहर थी और गले पर नीले निशान थे। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला गला घोंटकर हत्या का प्रतीत हुआ। लिहाजा, पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। 15 अप्रैल मृतका के पिता ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप दामाद और उसकी प्रेमिका पर लगाया। लिहाजा, पुलिस ने त्वरित टीम गठित कर सभी पहलुओं पर जांच की।
पुलिस ने आरोप के आधार पर पति शिवाजी से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन ज्यादा देर तक सवालों के सटीक जवाब नहीं दे पाया। अंत में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने जघन्य हत्या का 24 घंटे में खुलासा कर दिया।
