Bengaluru Murder: बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी क्षेत्र के चिक्काथोगुरु में शुक्रवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। 43 वर्षीय कृष्णप्पा ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसे सरेआम सड़क पर चाकुओं से गोद डाला। रात करीब 8 बजे जब घरेलू कामगार के. शारदा काम से लौट रही थीं, तभी कृष्णप्पा ने पहले से खरीदे दो चाकुओं के साथ उसका रास्ता रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ वार किए। गर्दन पर कई घातक हमलों के कारण शारदा की मौके पर ही मौत हो गई।
कृष्णप्पा और शारदा की 17 साल पहले हुई थी शादी
घटना के बाद कृष्णप्पा भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कृष्णप्पा और शारदा की शादी 17 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे हैं 15 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी। चार साल पहले कृष्णप्पा के लगातार शक और मारपीट की वजह से दोनों अलग हो गए थे। बेटा पिता के पास बागेपल्ली में रहने लगा, जबकि बेटी मां के साथ रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, कृष्णप्पा ने हत्या की पूरी योजना पहले से बना रखी थी। उसे शारदा की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी, और इसी का फायदा उठाकर उसने इस वीभत्स वारदात को अंजाम दिया।
