Band Baja Baraat Gang: दिल्ली-एनसीआर में शादी समारोह के दौरान बैग चोरी होने की कई घटनाएं सामने आ रही थीं।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने "बैंड, बाजा, बारात" गैंग का पर्दाफाश किया है, जो शादियों में मेहमान बनकर घुसते थे और नकदी व गहनों पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा गया है। इनसे चोरी की गई नकदी और जेवर बरामद हुए हैं।
क्राइम ब्रांच की AEKC टीम ने इन मामलों को सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। यह गैंग शादी समारोहों में काफी समय बिताता था, मेहमानों की तरह खाना खाता था और फिर मौका मिलते ही चोरी को अंजाम देकर गायब हो जाता था।
पुलिस ने इस गैंग पर नज़र रखना शुरू किया और आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
गैंग मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से ताल्लुक रखता है
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से ताल्लुक रखता है। गैंग का सरगना गरीब परिवारों के बच्चों को सालभर चोरी के काम में लगाने के लिए 10-12 लाख रुपये तक की पेशकश करता था।
बच्चों को दिल्ली लाकर एक महीने की ट्रेनिंग दी जाती थी
बच्चों को दिल्ली लाकर एक महीने की ट्रेनिंग दी जाती थी, जिसमें उन्हें सिखाया जाता था कि भीड़ में घुल-मिलकर कैसे बैग चुराना है और पकड़े जाने पर चुप रहना है। ये बच्चे शादी में अच्छे कपड़े पहनकर आते थे, खाना खाते थे और किसी भी शक से बचने के लिए आम मेहमानों की तरह व्यवहार करते थे।
गैंग के साथ महिलाएं भी शामिल थीं, जो इन बच्चों की देखभाल करती थीं। चोरी के बाद ये लोग तुरंत फरार हो जाते थे और सामान अपने ठिकानों तक पहुंचा देते थे।
इन सामानों की हुई बरामदगी:-
₹2,14,000 नकद
एक मोबाइल फोन
एक पायजब, चार चूड़ियां और एक कमरबंद (सभी चांदी के गहने)
कौन-कौन से मामले सुलझे?
ब्लेसिंग बैंक्वेट हॉल, झिलमिल मेट्रो स्टेशन – सोने-चांदी के गहने चोरी।
विक्टोरिया पैलेस, नांगली पूना –₹5 लाख कैश और ज्वेलरी की चोरी।
एस.के. मोहित बैंक्वेट हॉल, झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया –₹4 लाख कैश और ज्वेलरी चोरी।
अनुज मिश्रा की रिपोर्ट
