Zeeshan Siddiqui Receives Death Threat: बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस के मुताबिक, धमकी भेजने वालों ने जीशान सिद्दीकी से 10 करोड़ रुपये की मांग की है। इस सूचना के बाद बांद्रा पुलिस की एक टीम जीशान सिद्दीकी के घर पर पहुंची गई और उनका बयान दर्ज किया है।
तीन अलग-अलग मेल भेजे
जीशान सिद्दीकी को अब तक तीन अलग-अलग मेल भेजे जा चुके हैं..जिसमें मेल भेजने वाले ने डी-कंपनी का जिक्र किया है। मेल में यह भी लिखा गया है कि जो हाल बाबा सिद्दीकी का हुआ वही तुम्हारा भी होगा। फिलहाल मेल भेजने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
डी-कंपनी ने भेजे धमकी भरे ईमेल
महाराष्ट्र के पूर्व विधायक और एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी ने सोमवार को दावा किया कि उन्हें ईमेल के ज़रिए जान से मारने की धमकी मिली है, जिसमें कहा गया है कि अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए तो उन्हें उनके पिता बाबा सिद्दीकी की तरह ही मार दिया जाएगा। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि वह डी-कंपनी से है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने जान से मारने की धमकी और जबरन वसूली की मांग की जांच शुरू कर दी है।
10 करोड़ की डिमांड
पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी की पिछले साल दशहरा के दिन मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जीशान सिद्दीकी ने कहा, पिछले तीन दिनों से मुझे लगातार ईमेल मिल रहे हैं, जिसमें लिखा है कि अगर तुमने 10 करोड़ रुपये नहीं दिए तो तुम्हें भी बाबा सिद्दीकी की तरह ही मार दिया जाएगा। भेजने वाले ने डी-कंपनी का सदस्य होने का दावा किया और मुझे पुलिस से संपर्क न करने की चेतावनी दी।
एनसीपी नेता ने कहा कि धमकी भरे संदेश उनके निजी ईमेल अकाउंट पर भेजे गए। उन्होंने कहा कि संदेश भेजने वाले ने दावा किया कि बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह नहीं बल्कि भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की 'डी-कंपनी' का हाथ है। पूर्व विधायक ने कहा, बार-बार भेजे गए ईमेल से तंग आकर मैंने बांद्रा पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम जीशान सिद्दीकी का बयान दर्ज करने के लिए उनके बांद्रा स्थित आवास पर पहुंची है।
