नवादा: ज़िले के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक में सोमवार की दोपहर एक शख़्स ने मैनेजर के चैंबर में घुसकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे बैंक मैनेजर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद बैंक कर्मियों ने इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मैनेजर के ऊपर हमले का सीसीटीवी फ़ुटेज सामने आया है, जिसमें साफ़ दिख रहा है कि कैसे एक शख्स मैनेजर के चेंबर में घुसता है और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर देता है।
बैंक मैनेजर से था विवाद
बैंककर्मी अशोक कुमार ने बताया कि एक शख्स का बैंक मैनेजर से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था, जिसके बाद उसने बैंक मैनेजर पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। किसी तरह उनको बचाया गया और हमलावर युवक को चाकू के साथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, लेकिन बैंक मैनेजर अभय कुमार के शरीर में कई जगह चाकू के हमले से गंभीर जख्म हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
