क्राइम

Atiq Ahmed Killer: बनना चाहता था बड़ा डॉन इसलिए की अतीक अहमद की हत्या- शूटर्स का कबूलनामा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 16, 2023, 05:30 PM IST

Atiq Ahmed Killer: अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या शनिवार रात को पुलिस कस्टडी में ही कर दी गई थी। तीन शूटर्स पत्रकार बनकर आए और अतीक अहमद पर गोलियों की बौछार कर दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान उसका भाई भी मारा गया।

Atiq Ahmed Killer: अतीक अहमद के हत्यारों ने पुलिस को दिए बयान में कई खुलासे किए हैं। अतीक के हत्यारों ने पुलिस को बताया है कि वो बड़ा डॉन बनना चाहते थे, नाम कमाना चाहते थे, इसलिए अतीक को गोली मारी।

पहले ही बना ली थी प्लानिंग

जब यूपी पुलिस ने शूटरों से उनके इरादे के बारे में पूछा, तो उन्होंने खुलासा किया कि उनका मुख्य उद्देश्य अतीक और अशरफ को मारकर अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाना था। अतीक और उसके भाई की रिमांड की सूचना मिलने के बाद से ही उन्होंने अतीक और अशरफ को मारने की योजना बना ली थी। इसके बाद जैसे ही शनिवार को मौका मिला उन्होंने उसे मार दिया।

कैसे मारा

लवलेश तिवारी, सनी सिंह और अरुण मौर्य के रूप में पहचाने जाने वाले शूटर मीडियाकर्मियों के भेष में आए थे। जहां उन्होंने प्रयागराज में एक मेडिकल कॉलेज के पास अतीक और उसके भाई अशरफ पर गोलियां बरसा दीं। इसके तुरंत बाद अतीक और अशरफ जमीन पर गिर पड़े और मर गए। इस हमले के दौरान गोलीबारी में लवलेश तिवारी को भी गोली लगी है और उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

FIR कॉपी में क्या

प्राथमिकी के अनुसार, जैसे ही अतीक अहमद और अशरफ ने मीडिया से बात करनी शुरू की, एक शूटर ने अपना माइक और कैमरा फेंक दिया और अपनी पिस्तौल उठा ली। जिसके बाद उन पर गोली चला दी। क्रॉस फायरिंग में एक सिपाही मान सिंह के हाथ में गोली लगी और एक हमलावर को भी गोली लगी। इसके बाद शूटरों ने अपने हथियार जमीन पर फेंक दिए और सरेंडर कर दिया। इस घटना को कवर कर रहे कुछ पत्रकारों को भी मामूली चोटें आई हैं। इसके बाद अतीक और अशरफ को अस्पताल लाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

आरोपी क्या बोले

प्राथमिकी के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने कहा- "हम अतीक और अशरफ गिरोह का सफाया कर प्रदेश में अपने नाम की पहचान बनाना चाहते थे, जिसका लाभ भविष्य में निश्चित रूप से मिलता। हम पुलिस के घेरे का अनुमान नहीं लगा पाए और हत्या करने के बाद भागने में सफल नहीं हो पाए। पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई में हम लोग पकड़े गये।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article