जुए में पत्नी हारा शख्स, दोस्तों के साथ संबंध बनाने को कहा, विरोध करने पर तेजाब डाल दिया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2020, 08:36 PM IST

बिहार के भागलपुर में एक शख्स पहले अपनी पत्नी को जुए में दांव पर लगाता है और फिर हारने पर उसे अपने दोस्तों के साथ जाने को कहता है। ऐसा नहीं करने पर वह उस पर तेजाब डाल देता है।

जुए में पत्नी हारा शख्स, दोस्तों के साथ संबंध बनाने को कहा, विरोध करने पर तेजाब डाल दिया

नई दिल्ली: बिहार के भागलपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स अपनी पत्नी को जुए में दांव पर लगाता है और बाद में हारने पर दोस्तों को उसके साथ गैंगरेप करने की इजाजत देता है। इसके बाद विरोध करने पर महिला पर पर एसिड डाल देता है। 30 वर्षीय महिला को पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर उसके पति ने उस पर तेजाब फेंक दिया।

मोजाहिदपुर थाने के एसएचओ राजेश कुमार झा ने कहा कि आरोपी पति सोनू हरिजन को गिरफ्तार कर लिया गया और रविवार शाम उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा, 'घटना की संवेदनशीलता के कारण हमने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच चल रही है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा यदि वे इस मामले में शामिल पाए जाते हैं।'

पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने कहा कि वह एक महीने पहले शर्त हार गया था। प्रतिबद्धता के अनुसार, महिला को एक महीने के लिए विजेताओं को सौंप दिया जाना था, लेकिन महिला ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया। झा ने कहा, 'हम पीड़िता के बयान का अध्ययन कर रहे हैं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने कबूल किया है कि उसने अपनी पत्नी को जुए में खो दिया था और उसे अपने जुआरी दोस्तों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया।' 

महिला को घर में बंदी भी बनाकर रखा गया। तेजाब से हमले के बाद उसे चोट भी आईं। यह घटना रविवार को सामने आई जब महिला अपने ससुराल से भागने में कामयाब रही और अपने पिता के लोदीपुर स्थित निवास पर पहुंची और उन्हें अपनी आपबीती सुनाई। उसके माता-पिता उसे तुरंत लोदीपुर पुलिस स्टेशन ले गए जहां पुलिस ने पीड़िता को मोजाहिदपुर पुलिस स्टेशन जाने के लिए कहा।

End of Article