क्राइम

उत्तर प्रदेश : सांसद राकेश राठौड़ पर रेप मामले में एक और एफआईआर, पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के खिलाफ एक महिला ने बलात्कार आ आरोप लगाया है। अब इसी मामले से जुड़े पुलिस ने एक अन्य एफआईआर दर्ज की है।

Image

मुंबई में लड़की के साथ ऑटो वाले ने किया बलात्कार (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौड़ के खिलाफ चल रहे बलात्कार के मामले में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। सांसद और उनके परिवार के पांच सदस्यों पर सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने तथा पीड़िता पर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।

सीतापुर सांसद पर रेप का आरोप

सीतापुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद राकेश राठौड़ पर उनकी ही जाति की एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है। पीड़िता के पति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सांसद और उनके बेटे रत्नम राठौड़ लगातार पीड़िता और उसके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता के पति ने बताया कि बुधवार को राकेश राठौड़ और उनके परिवार के सदस्य कोमल राठौड़, गोपाल जी राठौड़, अनिल राठौड़, विष्णु राठौड़ और जुगेंद्र राठौड़ ने पीड़िता को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे पीड़िता और उसका परिवार मानसिक तनाव में है। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर सांसद के परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं।

एक की हुई गिरफ्तारी

सांसद राठौड़ तक अभी पुलिस नहीं पहुंच सकी है। पुलिस ने मंगलवार रात सांसद के प्रतिनिधि वसीउल्ला खां को गिरफ्तार किया, जो मन्नी चौराहा के निवासी हैं। इसके अलावा एफआईआर में नामजद सांसद के परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। गुरुवार को सांसद के भाई अनुपम राठौड़ के कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार को भी हिरासत में लिया गया।

क्या बोले सांसद

इस बीच, सांसद राकेश राठौड़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने इसे असंवैधानिक और मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी प्रकाश कुमार ने बताया कि 17 जनवरी को एक महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में यह सामने आया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article