Andhra Woman Kill Son: आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में 57 वर्षीय एक महिला ने अपने बेटे के गलत व्यवहार से तंग आकर उसकी हत्या कर दी और रिश्तेदारों की मदद से उसके शव को पांच टुकड़ों में काट दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रकाशम के पुलिस अधीक्षक ए आर दामोदर ने बताया कि के लक्ष्मी देवी (57) ने कथित तौर पर अपने बेटे के श्याम प्रसाद (35) की 13 फरवरी को हत्या कर दी, जो सफाईकर्मी था। देवी के रिश्तेदारों ने कथित तौर पर प्रसाद की हत्या में उसकी मदद की।
मां ने की कलयुगी बेटे की हत्या
दामोदर ने बताया, अपने बेटे के गलत व्यवहार को बर्दाश्त न कर पाने के कारण महिला ने अपने बेटे की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि प्रसाद ने बेंगलुरु, खम्मम और हैदराबाद में अपनी मौसी और अन्य रिश्तेदारों के साथ भी अश्लील व्यवहार किया था। पुलिस ने बताया कि अविवाहित प्रसाद ने हैदराबाद और नरसारावपेटा में अपनी मौसी के साथ बलात्कार करने का भी प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार, उसकी हत्या कुल्हाड़ी या धारदार हथियार से की गई। हत्या के बाद उसके शव को पांच टुकड़ों में काटा गया, तीन बोरियों में भरा गया और कुंबुम गांव में नकलागंडी नहर में फेंक दिया गया। फरार आरोपियों पर बीएनएस धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है; पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
