क्राइम

Akansha Dubey suicide: सिंगर समर सिंह गाजियाबाद से अरेस्ट, आकांक्षा दुबे सुसाइड केस की सुलझेगी गुत्थी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 7, 2023, 09:24 AM IST

Akansha Dubey suicide case : आकांक्षा दुबे के परिवार ने अभिनेत्री के सुसाइड के पीछे समर सिंह का हाथ होने का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि समर सिंह के साथ आकांक्षा की अनबन चल रही थी। इसके बाद वाराणसी पुलिस ने समर सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था।

Akansha Dubey suicide : भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में वाराणसी पुलिस ने गायक समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। समर सिंह की गिरफ्तारी गाजियाबाद से हुई है। आकांक्षा दुबे के परिवार ने अभिनेत्री के सुसाइड के पीछे समर सिंह का हाथ होने का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि समर सिंह के साथ आकांक्षा की अनबन चल रही थी। इसके बाद वाराणसी पुलिस ने समर सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था। नोटिस जारी होने के बाद समर सिंह फरार था और छिपता फिर रहा था।

फरार चल रहा था समर सिंह

बताया जाता है कि समर सिंह के नेताओं के साथ संबंध हैं और इस वजह से वह अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर था लेकिन अब वह हत्थे चढ़ गया है। वाराणसी के जिस होटल में आकांक्षा की लाश मिली उस होटल के सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति अभिनेत्री के साथ दिखा था। पुलिस इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुसाइड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।

नोएडा से पहुंचा था गाजियाबाद

सूत्रों का कहना है कि समर सिंह को राजनगर एक्सटेंशन की चार्ल्स क्रिस्टल सोसाइटी से पकड़ा गया है। इससे पहले वह नोएडा में रह रहा था। 4 दिन पहले यहां आया था। गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी सिटी निपुण अग्रवाल के अनुसार, गुरुवार को वाराणसी पुलिस यहां आई थी। आकांक्षा दुबे मामले में उनसे मदद मांगी थी। इसके बाद गाजियाबाद में नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित गांव मोरटा के नजदीक एक सोसाइटी से वाराणसी पुलिस ने कस्टडी में लिया है। फिलहाल अभी समर सिंह गाजियाबाद में है।

अभिनेत्री की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

गत 26 मार्च को आकांक्षा दुबे की लाश वाराणसी के सारनाथ इलाके स्थित एक होटल में मिली। इसके एक दिन बाद पुलिस ने समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। आकांक्षा की मां ने दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि अभिनेत्री की जिस रात मौत हुई उस रात वह एक पार्टी में शामिल होकर होटल पहुंची थीं। इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री के कुछ वीडियो हैं जिनमें वह रोती हुई दिखीं। पुलिस का कहना है कि जिस कमरे में आकांक्षा का शव मिला, वह भीतर से बंद था। 25 वर्षीया अभिनेत्री अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए वाराणसी आई थीं और सारनाथ के इस होटल में ठहरी हुई थीं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article