Ahmedabad Crime: सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को झांसे में लेकर उनका यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर अपराधी को अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने धर दबोचा है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया यह आरोपी खुद को अविवाहित हिंदू युवक "सोनू" बताकर एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पिछले कई महीनों से प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस की साइबर और तकनीकी जांच में जब इस आरोपी का मुखौटा उतरा, तो उसकी असली पहचान 'बिट्टू खान' के रूप में हुई, जो न सिर्फ शादीशुदा है बल्कि एक बच्चे का पिता भी है। इस सनसनीखेज मामले में अहमदाबाद के कणभा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की कड़ी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
नाबालिग छात्रा को जाल में फंसाने वाला शातिर 'सोनू' उर्फ बिट्टू खान ग्वालियर से गिरफ्तार
ये भी पढ़ें- 'भागने वाले लड़का-लड़की को सरकार कैसे रोक सकती है?' आपसी सहमति के रिश्तों में POCSO के दुरुपयोग पर SC की गंभीर चिंता
'सोनू' बनकर बुना जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है और वल्लभ विद्यानगर में एक हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। फरवरी 2026 में पीड़िता की मुलाकात एक सोशल मैसेजिंग ऐप पर "सोनू" नाम के प्रोफाइल से हुई। आरोपी ने अपनी उम्र 23 साल बताई और खुद को हिंदू व कुंवारा जाहिर किया। लड़की का भरोसा जीतने के बाद उसने उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी।
न्यूड वीडियो कॉल के लिए बनाया दबाव
जैसे-जैसे वक्त बीता, आरोपी का असली और खतरनाक आपराधिक चेहरा सामने आने लगा। आरोपी नाबालिग पर लगातार न्यूड वीडियो कॉल करने और अकेले में मिलने का मानसिक दबाव बनाने लगा। जब नाबालिग छात्रा ने उसकी इन गंदी हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी ने उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे बदनाम करने की खौफनाक धमकी दी। शातिर अपराधी ने धोखे से पीड़िता के जीमेल और इंस्टाग्राम के पासवर्ड भी हथिया लिए थे, जिससे वह उसके हर मूवमेंट और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर चौबीसों घंटे नजर रख रहा था।
'सोनू' निकला शादीशुदा बिट्टू खान
मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पीड़िता को अपने एक दोस्त के जरिए आरोपी की असली पहचान का पता चला। आरोपी का असली नाम बिट्टू खान उर्फ बिट्टाखान रहीश खान (25 वर्ष) है, जो मुस्लिम समुदाय से है, शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। अपनी धार्मिक और वैवाहिक स्थिति को छिपाकर उसने जानबूझकर एक हिंदू नाम का इस्तेमाल किया था ताकि वह आसानी से नाबालिग का विश्वास जीत सके। पहचान उजागर होने के बाद आरोपी ने पीड़िता को और अधिक आक्रामक तरीके से ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
मां की मुस्तैदी और पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन
लगातार मिल रही धमकियों और गंभीर मानसिक तनाव से टूट चुकी छात्रा जब अपने घर लौटी, तो उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मां तुरंत कणभा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही डीएसपी नीलम गोस्वामी के सीधे मार्गदर्शन में कणभा पुलिस, लोकल क्राइम ब्रांच और असलाली डिवीजन की एक संयुक्त स्पेशल टीम का गठन किया गया।
ग्वालियर में दबोचा गया आरोपी
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की साइबर टीम ने तुरंत तकनीकी सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट्स का विश्लेषण शुरू किया। आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्रेस हुई। गुजरात पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए ग्वालियर के 'गुड़ा गदेवाला मोहल्ला' में छापेमारी की और महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी बिट्टू खान को धर दबोचा।
