क्राइम

अपनी हर दुबई ट्रिप के लिए 12 लाख रुपए लेती थी रान्या राव, एक साल में 30 बार गई खाड़ी देश

Ranya Rao Case : बीते एक साल में वह 30 बार दुबई गई और हर बार सोने की तस्करी के लिए वह 12 लाख रुपए चार्ज करती थी। यही नहीं अभिनेत्री के बेंगलुरु स्थित आवास पर पड़े छापे में भारी नकदी और आभूषण मिले हैं। डीआरआई ने रान्या के आवास से 17.29 करोड़ रुपए जब्त किए हैं। इसमें 2.06 करोड़ रुपए की जूलरी भी है।

Image

गोल्ड तस्करी मामले में न्यायिक हिरासत में हैं रान्या राव।

Ranya Rao Case : सोने की तस्करी मामले में बीते दिनों बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार अभिनेत्री रान्या राव के बारे में और खुलासे हुए हैं। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि अभिनेत्री लगातार दुबई जाया करती थी। बीते एक साल में वह 30 बार दुबई गई और हर बार सोने की तस्करी के लिए वह 12 लाख रुपए चार्ज करती थी। यही नहीं अभिनेत्री के बेंगलुरु स्थित आवास पर पड़े छापे में भारी नकदी और आभूषण मिले हैं। डीआरआई ने रान्या के आवास से 17.29 करोड़ रुपए जब्त किए हैं। इसमें 2.06 करोड़ रुपए की जूलरी भी है।

हर ट्रिप में 12-13 लाख रुपए कमाती थी

रान्या कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी है। तस्करी का यह सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद डीजीपी ने अपनी बेटी से दूरी बना ली है। डीजीपी ने कहा कि उनकी बेटी अपने पति के साथ अलग रहती है। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि तीन फिल्मों में काम कर चुकी रान्या बीते एक साल में 30 बार दुबई गई। वह कथित रूप से दुबई से बड़ी मात्रा में गोल्ड लेकर भारत आई। तस्करी के प्रत्येक एक किलो गोल्ड के बदले में रान्या एक लाख रुपए लिए। इस तरह से वह हर एक ट्रिप में 12 से 13 लाख रुपए कमाती थी।

एयरपोर्ट पर कॉन्स्टेबल करता था मदद?

शुरुआती जांच में पता चला है कि गोल्ड छिपाने और एयरपोर्टपर सुरक्षाकर्मियों की नजर से बचने के लिए वह खास तौर से तैयार जैकेट और कमर में बांधने वाला वेस्ट पहनती थी। दुबई की बार-बार यात्रा करने पर वह एजेंसियों के रडार पर आ गई। सूत्रों का कहना है कि एयरपोर्ट से बिना सुरक्षा जांच में एक कॉन्स्टेबल उसकी कथित रूप से मदद करता था। अधिकारियों को संदेह है कि गोल्ड की इस तस्करी का नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है और इस नेटवर्क में नेता, कारोबारी और पुलिस अधिकारी शामिल हो सकते हैं।

सोमवार रात बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तार

राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने सोमवार रात बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव के पास से 14.8 किलोग्राम सोना जब्त किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद अभिनेत्री को आर्थिक अपराध अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार राव एमिरेट्स की उड़ान से दुबई से यहां पहुंचीं थीं और उनकी अक्सर होने वाली अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर निदेशालय की नजर थी। अधिकारियों ने बताया कि वह कथित तौर पर अपने कपड़ों में छिपाकर सोना लाई थीं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article