क्राइम

पंजाब के विवादित पास्टर बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा, 2018 जीरकपुर रेप केस में आया फैसला

मोहाली के पॉक्सो कोर्ट ने 2018 के जीरकपुर यौन उत्पीड़न और बलात्कार मामले में विवादित पास्टर बजिंदर सिंह को दोषी करार दिया था।

Image

बजिंदर सिंह को उम्रकैद

Pastor Bajinder Singh: 2018 जीरकपुर रेप केस में मोहाली के पास्टर बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। पास्टर बजिंदर धर्म परिवर्तन कराने को लेकर काफी विवादित रहे हैं। 2018 में एक महिला ने उन पर बलात्कार का आरोप लगाया था। 28 मार्च 2025 को ही बजिंदर को इस मामले में अदालत ने दोषी करार दिया था। आज सजा का ऐलान कर दिया गया।

5 आरोपी बरी, बजिंदर पर कसा शिकंजा

मोहाली के पॉक्सो कोर्ट ने 2018 के जीरकपुर यौन उत्पीड़न और बलात्कार मामले में विवादित पादरी बजिंदर सिंह को दोषी करार दिया था। बजिंदर अंतिम सुनवाई के लिए छह अन्य आरोपियों के साथ मोहाली की पॉक्सो अदालत में शुक्रवार 28 मार्च को पेश हुआ था। अन्य 5 आरोपियों को कोर्ट ने सबूतों के आभाव में बरी कर दिया।

मामला 2018 में जीरकपुर की एक महिला का यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा है। बजिंदर को जुलाई 2018 में दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया था। बजिंदर 28 फरवरी को दर्ज यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में भी जांच का सामना कर रहा है। कपूरथला पुलिस ने 22 वर्षीय महिला की शिकायत पर उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है। हालांकि, बजिंदर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था।

पीड़ितों ने राहत की सांस ली

सजा के ऐलान के बाद पीड़ितों ने राहत की सांस ली, वहीं बचाव पक्ष ने हाई कोर्ट में अपील करने की बात कही है। यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब एक महिला ने बजिंदर सिंह पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया था। पीड़िता ने दावा किया था कि पादरी ने मोहाली स्थित अपने घर पर उसके साथ बलात्कार किया और इस घटना को रिकॉर्ड कर उसे ब्लैकमेल करने की धमकी दी। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे धमकाया था कि अगर वह उसकी मांगों को नहीं मानती तो वह वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करके वायरल कर देगा। मोहाली की पॉक्सो कोर्ट द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद स्वघोषित पादरी बजिंदर सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल ले जाया गया।

खुद को ईसा मसीह का दूत बताता है

हरियाणा के यमुनानगर निवासी और जालंधर स्थित ‘चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ का संस्थापक बजिंदर सिंह खुद को ईसा मसीह का दूत बताता है और चमत्कारिक इलाज का दावा करता है। उसके कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिसमें वह मरीजों को ठीक करता दिखाई देता है। हालांकि, अब, बजिंदर सिंह की सजा के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article