Patiala blue drum body case: पटियाला में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस को एक नीले ड्रम में एक अज्ञात युवती का शव मिला है। यह घटना उस समय सामने आई जब सफाई कर्मचारियों ने पुल के पास कूड़े के ढेर में पड़े एक ड्रम की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले पर डीएसपी जगजीत सिंह रंधावा ने बताया कि शव मिलने के बाद तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को फिलहाल पहचान और आगे की जांच के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
शव की अभी तक नहीं हुई पहचान-पुलिस
पुलिस (Patiala Police) के अनुसार, शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि एक शिकायतकर्ता पहले ही सामने आए थे, जिन्होंने अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का नाम नेहा है, लेकिन जब शव उन्हें दिखाया गया तो उन्होंने उसकी पहचान से इनकार कर दिया। मृतका के शरीर पर कुछ खास निशान भी पाए गए हैं। बाएं हाथ पर “नेहा” लिखा हुआ है, जबकि दाहिने हाथ पर एक दिल का निशान बना हुआ है, जिसके अंदर अंग्रेजी का “N” अंकित है। पुलिस के मुताबिक, युवती की उम्र लगभग 18 से 25 साल के बीच लग रही है और उसका रंग सांवला बताया जा रहा है।
शव की लंबाई करीब 5 फीट बताई जा रही है। जिस नीले ड्रम में शव मिला, उस पर लाल रंग का ढक्कन लगा हुआ था। यह ड्रम एक पुल के पास कूड़े के ढेर में पड़ा मिला था। डीएसपी ने कहा कि फिलहाल मौत के कारणों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।
