शहर

दिल्ली में खूनी होली, बुराड़ी में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार; हत्या से सनसनी

नॉर्थ दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र में होली खेलने को लेकर दो गुटों में कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी युवक की मौत हो गई और दूसरा युवक घायल है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : उत्तर दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित वशिष्ठ एनक्लेव कॉलोनी में बुधवार यानी होली के दिन खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब रंग खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार कॉलोनी में कुछ युवक आपस में होली खेल रहे थे। इसी दौरान उनका दूसरे युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।

बिहार का रहने वाला था युवक

इस घटना में 20 वर्षीय युवक नेपल राम की मौत हो गई। नेपल राम मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और वशिष्ठ एनक्लेव के पास ही किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के नजदीक ही दोस्तों के साथ होली खेल रहा था, तभी उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत बुराड़ी स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हमले में एक अन्य युवक पिंटू यादव भी घायल हुआ है। पिंटू यादव इलाके का ही निवासी बताया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुराड़ी के सरकारी अस्पताल से दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद बुराड़ी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर विवाद की वजह होली खेलने के दौरान हुई कहासुनी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि झगड़े की असली वजह क्या थी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article