Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप निकलती है तो कभी अचानक बारिश या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो जाती है। इसी बदलते मिजाज के बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर वर्षा और हिमपात को लेकर चेतावनी जारी की है। अगर शुक्रवार और शनिवार की बात करें तो इन दोनों दिनों पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। शनिवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा और लोगों ने दिनभर खिली धूप का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी मौसम सुहावना रहने की संभावना थी। लगातार तीसरे दिन साफ मौसम रहने से राज्य में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खासकर दोपहर के समय ठंड से लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है। लेकिन अब फिर एक बार मौसम बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
अगले 24 घंटों होंगे भारी
इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि, उत्तराखंड अगले 24 घंटों के लिए राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी रहेगा। ऐसे में, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 3,200 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई पर हल्की बारिश/बर्फबारी के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है, जिसमें गंगोत्री, केदारनाथ, सोनप्रयाग, मुनस्यारी, नंदा देवी नेशनल पार्क, बद्रीनाथ, जोशीमठ और आस-पास के इलाके शामिल हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्वतीय राज्य में आने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी
मुनस्यारी से प्राप्त सूचना के अनुसार नंदा देवी, नंदाकोट, हरदेवल, त्रिशूली, राजरम्भा, पंचाचूली और हंसलिंग समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी है। वहीं हिमनगरी मुनस्यारी और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। धारचूला क्षेत्र से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद लिपुलेख, नाबीढांग, कालापानी, गुंजी, नाबी, कुटी, आदि कैलास, ज्योलिंगकोंग और छियालेख तक हिमपात शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल रही हैं। दूसरी ओर, जिले के निचले इलाकों में तेज धूप खिली हुई है, हालांकि हवाओं में अभी भी ठंडक बनी हुई है।
किसानों को मिला फायदा
उत्तराखंड में बीते तीन दिनों से मौसम साफ और धूपदार बना हुआ है, जिससे किसानों को राहत मिली है। इस समय गेहूं और सरसों की फसल पकने की अवस्था में है और उन्हें अच्छी धूप की आवश्यकता होती है। ऐसे में वर्तमान मौसम फसलों के लिए अनुकूल साबित हो रहा है और उत्पादन पर सकारात्मक असर डाल सकता है। हालांकि, सेहत के लिहाज से थोड़ी सावधानी जरूरी है। दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, जिससे लोग स्वेटर या जैकेट उतार देते हैं। लेकिन जैसे ही शाम होती है, हवाओं में फिर से ठंडक बढ़ने लगती है। दिन और रात के तापमान में अंतर वायरल बुखार जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है। इसलिए शाम के समय गर्म कपड़े पहनना और बदलते मौसम में सतर्क रहना आवश्यक है, ताकि स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े।
