Yamunotri Highway: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मूसलाधार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ा यमुनोत्री हाईवे आखिरकार सात दिन बाद फिर से वाहनों के लिए खुल गया है। स्यानाचट्टी में क्षतिग्रस्त सड़क की लगातार मरम्मत के बाद बुधवार शाम से यहां फिर से यातायात सामान्य हो गया। इससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
लगातार सात दिन तक बंद रहा हाईवे
पिछले गुरुवार को उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी इलाके में भारी बारिश के कारण बड़ा भूस्खलन हुआ था। इससे यमुनोत्री हाईवे का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बंद ठप हो गई थी। रास्ता बंद होने की वजह से यात्रियों और स्थानीय लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - एक लाख का इनवेस्ट, खाते से 21 करोड़ साफ; ग्वालियर में 'डिजिटल डकैती'; CA को क्रिप्टो के जाल में फंसाकर ठगी
दिन-रात मरम्मत के बाद बहाल हुआ यातायात
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमों ने लगातार बारिश और पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच दिन-रात मरम्मत का काम कर सड़क को दुरुस्त किया। मरम्मत पूरी होने के बाद बुधवार शाम से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
यमुना नदी पर नया बेली ब्रिज भी शुरू
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार से यमुना नदी पर बनाए गए नए बेली पुल पर भी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। यह पुल भविष्य में लैंडस्लाइड या आपात स्थिति के दौरान वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगा, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों करने में भी आसानी होगी।
यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह
NHAI के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है, लेकिन मानसून के मौसम को देखते हुए यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। साथ ही प्रशासन और NHAI की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है।
