गुरुग्राम : गुरुग्राम के एक क्लब में 25 वर्षीय महिला को एक व्यक्ति ने विवाह प्रस्ताव को ठुकराने पर गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 दिसंबर की सुबह एमजी रोड पर घटित होना बताई जा रही है। पुलिस को गोलीबारी में घायल एक महिला के बारे में सूचना मिली थी और उसे घायल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह शुरू में बयान देने की स्थिति में नहीं थी।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
दिल्ली के नजफगढ़ निवासी महिला के पति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी कल्पना (25) गुरुग्राम के एक क्लब में काम करती थी और दिल्ली के संगम विहार निवासी तुषार ने उसे गोली मार दी। अपनी शिकायत में पति ने बताया कि उसकी पत्नी 19 दिसंबर को काम पर गई थी और रात करीब 1 बजे उसने फोन करके बताया कि उसे गोली मार दी गई है।
पीड़ित के साथ पहले किया था झगड़ा
शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि करीब एक महीने पहले तुषार हमारे घर आया, हमसे झगड़ा किया और चला गया। शिकायत के आधार पर सेक्टर 29 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान टीम ने दो आरोपियों, तुषार उर्फ जोंटी (25) और उसके दोस्त शुभम उर्फ जोनी (24) को गिरफ्तार किया, दोनों संगम विहार के निवासी हैं और उत्तर प्रदेश के बरौत से हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान तुषार ने खुलासा किया कि उसने पीड़िता से करीब छह महीने पहले दोस्ती की थी और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसने बार-बार इनकार कर दिया। 19 दिसंबर की रात को तुषार, शुभम के साथ क्लब गया, फिर से उसे शादी का प्रस्ताव दिया और इनकार करने पर महिला को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है, और आगे की जांच जारी है।
