शहर

31 दिसंबर को फुल नाइट करें इंजॉय, पूरी रात घर पहुंचाएंगी 4 मुंबई लोकल ट्रेनें; नोट कर लें टाइमिंग

सेंट्रल रेलवे ने 31 दिसंबर की रात पार्टियों में शरीक लोगों को घर पहुंचाने के लिए 4 लोकल ट्रेनें संचालित करने की घोषणा की है। ये ट्रेनें सुबह 3 बजे तक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी।

Image

31 दिसंबर को मुंबई में चलेंगी 4 स्पेशल लोकल ट्रेनें (फोटो-Istock)

मुंबई : नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबई के लोगों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है। सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य लाइन और हार्बर लाइन पर कुल 4 विशेष उपनगरीय ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। ये ट्रेनें आधी रात के बाद सुबह तक यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मदद करेंगी। सेंट्रल रेलवे के अनुसार, मुख्य लाइन पर पहली विशेष ट्रेन 31 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 की आधी रात 1:30 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से रवाना होगी और 3:00 बजे कल्याण पहुंचेगी। दूसरी विशेष ट्रेन 1:30 बजे कल्याण से शुरू होकर 3:00 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।

कितने बजे तक चलेंगी मुंबई लोकल

न्यूज एजेंसी आईएनएस के हवाले से हार्बर लाइन पर पहली विशेष ट्रेन 1:30 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर 2:50 बजे पनवेल पहुंचेगी। दूसरी विशेष ट्रेन 1:30 बजे पनवेल से शुरू होकर 2:50 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। ये ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री इसका लाभ उठा सकें।

नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबई में पार्टियां, समुद्र किनारे उत्सव और आतिशबाजी के कारण उपनगरीय ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। कई लोग देर रात तक बाहर रहते हैं और घर लौटने के लिए सुरक्षित विकल्प तलाशते हैं। सेंट्रल रेलवे की स्पेशल ट्रेनें इसी जरूरत को पूरा करने के लिए चलाई जा रही हैं।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें, समय पर प्लेटफॉर्म पर पहुंचें, भीड़भाड़ में सावधानी बरतें और सुरक्षित यात्रा करें। सीएसएमटी स्टेशन पर आधी रात को ट्रेनों के हॉर्न बजाने की पुरानी परंपरा भी जारी रहेगी, जो नए साल का स्वागत करती है। सेंट्रल रेलवे ने यह कदम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए उठाया है। मुंबई के लोगों को नए साल की पूर्व संध्या पर यह खास तोहफा मिलेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article