गुजरात के पाटण में 5,000 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने बड़ा मोड़ ले लिया। पुलिस शिकायत के अनुसार, एक महिला पर कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शिकायत के मुताबिक, 35 वर्षीय पिंकीबेन पटणी ने करीब एक महीने पहले आरोपी बाबूभाई शंकरभाई रावल से 5,000 ब्याज पर उधार लिए थे। 12 जुलाई को आरोपी कथित तौर पर ब्याज सहित रकम की वसूली के लिए उनके घर पहुंचा। महिला ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए कुछ समय की मोहलत मांगी और पड़ोसी जीतुभाई पंचाल से बीच-बचाव करने का अनुरोध किया।
आग की लपटों में घिरी महिला सड़क पर पहुंची
एफआईआर के अनुसार, बातचीत शुरू होने से पहले ही आरोपी कथित तौर पर एक प्लास्टिक की बाल्टी में ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचा और महिला पर उड़ेल दिया। इसके बाद उसने माचिस जलाकर महिला को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में घिरी महिला सड़क की ओर भागी, जहां स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें धारपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उन्हें बाद में अहमदाबाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डीवाईएसपी परेश रेनुका ने बताया कि धारपुर सिविल अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पाटण सिटी 'ए' डिवीजन पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामला ₹5,000 के लेनदेन के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच पाटण सिटी 'ए' डिवीजन के पुलिस निरीक्षक के.जे. धोरा कर रहे हैं।
