शहर

दिल्ली: पूर्वोत्तर की लड़कियों पर नस्लीय टिप्पणी मामले में महिला गिरफ्तार, रिजिजू बोले-हम सख्त कार्रवाई करेंगे, SC/ST एक्ट भी लगा

पुलिस ने एफआईआर में आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट लगाया है। इसके पहले यह मामला भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में दर्ज किया गया था। दिल्ली पुलिस ने अपने एक बयान में कहा कि इस मामले की जांच एसीपी रैंक के एक अधिकारी को सौंपी गई है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की निगरानी कर रहे हैं।

Image

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू।

Photo : PTI

Racial abuse against Northeast Girls : दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियों के साथ कथित नस्लभेदी टिप्पणी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। लड़कियों के साथ बदसलूकी करने एवं उन पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज हुई और जांच के बाद आरोपी महिला रूबी जैन को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि जैन ने बीते 20 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से नस्लीय और आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस बीच केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि उनका कार्यालय पीड़ित लड़कियों के साथ संपर्क में है। हम नॉर्थ ईस्ट की लड़कियों के साथ बदसलूकी करने वालों को सख्त सबक सिखाएंगे।

आरोपी के खिलाफ लगा SC/ST एक्ट

पुलिस ने एफआईआर में आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट लगाया है। इसके पहले यह मामला भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में दर्ज किया गया था। दिल्ली पुलिस ने अपने एक बयान में कहा कि इस मामले की जांच एसीपी रैंक के एक अधिकारी को सौंपी गई है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। एफआईआर में दर्ज पुरुष आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

तीनों लड़कियों के साथ संपर्क में है मेरा कार्यालय-रिजिजू

वहीं, अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा, 'मालवीय नगर में अरुणाचल की तीन लड़कियों के साथ हाल ही में हुई घटना के बारे में, मेरे अपने ऑफिस के कर्मचारी तीनों अरुणाचल लड़कियों के संपर्क में हैं, और हम पहले दिन से ही दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं। अगर दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट के किसी भी व्यक्ति के साथ कोई घटना होती है, तो हम तुरंत कार्रवाई करते हैं। मालवीय नगर में हुई इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई की। मैं खुद फॉलोअप कर रहा हूं, और गिरफ्तारियां भी हुई हैं।'

'चीजें पहले जैसी नहीं रहीं, वे बदल गई हैं'

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'हम सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे और सबक सिखाएंगे कि नॉर्थ ईस्ट के लोगों के साथ बुरा बर्ताव नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, हमने दिल्ली पुलिस के अंदर एक स्पेशल फोर्स बनाई है, अगर नॉर्थ ईस्ट का कोई भी मामला रिपोर्ट होता है तो उस पर कार्रवाई की जाती है। देश भर के अलग-अलग राज्यों में, हम नॉर्थ ईस्ट के बच्चों से जुड़ी घटनाओं पर नजर रखते हैं। चीजें पहले जैसी नहीं रहीं, वे बदल गई हैं। हम नॉर्थ ईस्ट के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। जब तक हम यहां हैं, हम एक्शन लेंगे।'

अरुणाचल सीएम ने घटना की निंदा की

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में राज्य की तीन महिलाओं के साथ हुए कथित नस्ली दुर्व्यवहार की 'शर्मनाक घटना’ की निंदा की और कहा कि उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रविवार को बताया कि अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं का दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में उनके किराए के अपार्टमेंट में मरम्मत कार्य को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने तीनों महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर नस्ली टिप्पणी की और धमकाया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article