शहर

Snowfall in Kashmir: नए साल पर बर्फ की चादर से ढकी दिखी वादियां, आज शाम को बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। इस बीच नए साल के पहले दिन कई इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम को घाटी में बर्फबारी हो सकती है। दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव होने की संभावना है।

Image

कश्मीर में आज बर्फबारी के आसार

Photo : ANI

Snowfall in Kashmir 1 Jan 2025: कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है और घाटी में एक बार फिर बर्फबारी के आसार हैं। कश्मीर क्षेत्र में बुधवार से एक के बाद एक कुल दो बार पश्चिमी विशोभ का लगातार प्रभाव पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ एक से दो जनवरी तक जम्मू कश्मीर को प्रभावित करेगा, जिससे बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।

घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा गुलमर्ग

मौसम विभाग ने बताया कि तीन से छह जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ से राज्य के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं, जबकि चार से छह जनवरी तक भारी बर्फबारी होगी। इस बीच, कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई और घाटी में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ के लिए मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग, घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा।

कश्मीर के अन्य शहरों में तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। श्रीनगर में मंगलवार की रात तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और पंपोर शहर के कोनीबल में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

चिल्ला-ए-कलां का की चपेट में कश्मीर

वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (सर्वाधिक ठंड की अवधि) की चपेट में है। इसे सर्दियों का सबसे कठिन समय माना जाता है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था।‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिनों की अवधि के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ अगले साल 30 जनवरी को खत्म हो जाएगा, लेकिन शीतलहर जारी रहेगी। 40 दिनों के ‘चिल्ला-ए-कलां’ के बाद 20 दिवसीय ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ भी होगा जब घाटी में ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article