शहर

ओडिशा में भारी बारिश का येलो अलर्ट, मूसलाधार बारिश से बालासोर बेहाल; घरों में घुसा पानी

ओडिशा में मॉनसून बारिश का कहर जारी है। आईएमडी ने राज्य के अधिकांश हिस्सों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है, जबकि बालासोर समेत कई स्थानों पर बस्तियों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Image

बालासोर में भारी बारिश से जलभराव

ओडिशा के बालासोर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है और बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण हालात और भी गंभीर हो गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए गरज-चमक और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बालासोर शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश का पानी कई कॉलोनियों और घरों में घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के कांग्रेस कार्यालय के मुख्य मार्ग और गुड़ीपाड़ा कॉलोनी की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नालियों का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और पूरे इलाके में पानी भर गया है।

तटीय ओडिशा में बड़ा अलर्ट

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष पहली बार इतनी गंभीर जलभराव की स्थिति देखने को मिली है। इधर, भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर और तटीय ओडिशा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने कटक, खुर्दा, केंद्रापड़ा, भद्रक, जगतसिंहपुर, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गजपति, गंजाम, नयागढ़, बालासोर और सुंदरगढ़ जिलों में भी गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार के लिए पूरे राज्य में येलो वार्निंग जारी की गई है, जबकि कंधमाल जिले को ऑरेंज अलर्ट के दायरे में रखा गया है, जहां भारी बारिश की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों पर न रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article