शहर

Bhadohi: चौकीदार पर छिड़का पेट्रोल फिर लगाई आग, देखते ही देखते लपटों में घिरा शरीर; ग्राम प्रधान का बेटा गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक चौकीदार पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान के बेटे ने विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे चौकीदार गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को गंभीर हालत में वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Image

भदोही में चौकीदार को जलाने के आरोप में ग्राम प्रधान का बेटा गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ग्राम प्रधान के बेटे पर आरोप है कि उसने गांव के चौकीदार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे चौकीदार गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना की जानकारी सोमवार को पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल चौकीदार को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। भदोही के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पीपुर गांव में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कैसे शुरू हुई घटना?

घायल व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय जैसलाल सरोज के रूप में हुई है, जो चौकीदार के तौर पर काम करते हैं और ज्ञानपुर पुलिस थाने से जुड़े हुए हैं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब जैसलाल सरोज गांव के ग्राम प्रधान रामनाथ यादव के घर पहुंचे। वहां उन्होंने गांव में खराब पड़े हैंडपंप की जानकारी दी और उसका पाइप बदलवाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आसपास के लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रधान का 30 वर्षीय बेटा कमलेश यादव वहां पेट्रोल से भरा गैलन लेकर पहुंचा। आरोप है कि उसने सरोज पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। घटना के बाद चौकीदार को आग की लपटों में घिरा देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कंबल डालकर आग बुझाने की कोशिश की।

80 प्रतिशत से ज्यादा झुलसा शरीर

हालांकि जब तक आग बुझाई गई, तब तक जैसलाल सरोज करीब 80 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चौकीदार को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

मामले की जांच जारी

एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, पीड़ित के भाई बाबूलाल सरोज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी कमलेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए मामले की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article