तिरुवनंतपुरम के होटलों को बम धमाके में उड़ाने की धमकी ई-मेल के ज़रिए मिलने के बाद पुलिस ने बम निरोधक इकाइयों और श्वान दस्तों को तैनात किया और जांच शुरू की । छावनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि जिन होटलों को बम धमाके में उड़ाने की धमकी मिली थी, उन सभी की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक कुछ नहीं मिला है और जांच जारी है।
(सांकेतिक तस्वीर)
अधिकारी ने कहा कि पुलिस धमकी भरे ई-मेल के स्रोत की भी जांच कर रही है, जिसमें दावा किया गया है कि तिरुवनंतपुरम शहर के मध्य में स्थित हिल्टन होटल समेत प्रदेश की राजधानी के विभिन्न होटलों को परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से विस्फोट कर उड़ा दिया जायेगा। पिछले कुछ महीनों में, पूरे राज्य में जिला कलेक्ट्रेट और राजस्व संभागीय अधिकारियों के कार्यालयों को और हाल ही में केरल उच्च न्यायालय को भी बम धमाके में उड़ाने संबंधी धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुये थे। पुलिस ने व्यापक निरीक्षण करने के बाद इन सभी धमकियों को अफवाह करार दिया था।
पटना कोर्ट को बम की धमकी
इसी प्रकार शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना में एक अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक ई-मेल ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सकते में डाल दिया था। हालांकि, घटनास्थल पर पुलिस टीम का नेतृत्व करने वाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने कहा कि ई-मेल फर्जी था।
हिमाचल प्रदेश के 2 DM कार्यालयों को बस से उड़ाने की धमकी
शुक्रवार की शाम होते-होते हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर एवं चम्बा जिलों के जिलाधिकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की ई-मेल से धमकी मिली थी, जिसके के बाद पुलिस ने संबंधित क्षेत्रों को घेर लिया एवं तलाशी अभियान शुरू किया था। हालांकि, जांच में कुछ नहीं मिला था। पुलिस ने बताया कि मेल के स्रोत की भी जांच की जा रही है। इससे पहले 16 अप्रैल को, हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और मंडी के जिलाधिकारी कार्यालय को इसी तरह के मेल प्राप्त हुए थे, जिसके बाद दोनों कार्यालयों को खाली करा दिया गया और उनकी तलाशी ली गयी थी, जिसमें कोई बम नहीं मिला था।
