वाराणसी

Gonda: ससुराल में अकेले रह रही महिला की मौत, फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Gonda: यूपी के गोंडा जिले में ससुराल में अकेले रह रही महिला का शव फंदे से लटका मिलने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि महिला चार दिन पहले ही मायके से लौटी थी, उसके बाद हुई इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं। घटनास्थल पर सुसाइड नोट न मिलने से पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

गोंडा में फंदे से लटका मिला महिला का शव

Photo : iStock

Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में ससुराल में अकेले रह रही एक महिला का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिर भी प्रथम दृश्यता में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

फंदे से लटका मिला महिला का शव

घटनास्थल पर मौजूद इटियाथोक थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि मृतक महिला की पहचान रैगांव निवासी पूजा सिंह (25) के रूप में हुई है। पूजा की पिछले साल 30 अप्रैल को इटियाथोक निवासी सज्जन सिंह से शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि सज्जन हैदराबाद में मजदूरी करता है और उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है, जिस कारण पूजा ससुराल में अकेले रहती थी।

पांडेय के मुताबिक, सोमवार को पूजा की कोई खैर-खबर न मिलने पर पास में रहने वाली उसकी जेठानी उसके घर पहुंची और अंदर से बंद कमरे में झांका, तो पूजा फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। उन्होंने बताया कि पूजा चार दिन पहले ही अपने मायके करनैलगंज के रामगढ़ भभुआ से इटिथोक लौटी थी। पांडेय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि पूजा ने आत्महत्या की है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है। इस संबंध में पुलिस मृतका के मायके से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article