Varanasi News: वाराणसी घूमने के लिए हर साल लाखों पर्यटक जाते हैं। यहां के घाट, मंदिर आदि का अनुभव करने न केवल भारतीय पर्यटक बल्कि विदेशी पर्यटक भी वाराणसी पहुंचते हैं। वाराणसी में जाने वाले लोग गंगा के अलौकिक घाटों के दर्शन करने के लिए गंगा नदी में नावों की यात्रा जरूर करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल पुलिस ने एक पेट्रोलिंग टीम का गठन किया है। ताकि दुर्घटना के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए कदम उठाए जा सकें। जल पुलिस द्वारा बनाई गई टीम का कार्य सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना और नावों की जांच करना है। लहरों का आनंद लेने वाले लोग जो वाराणसी को नावों में सवार होकर देखना चाहते हैं। उनकी सुरक्षा को महत्व दिया गया है। आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते ही सारे कदम उठाए जा रहे हैं।
वाराणसी गंगा घाट पर जल पुलिस कर रही कड़ी सुरक्षा कार्रवाई
वाराणसी में बढ़ रहा है पर्यटन
साल दर साल वाराणसी में पर्यटन बढ़ता जा रहा है। भारत घूमने आए विदेशी लोग भी सबसे पहले वाराणसी ही पहुंचते हैं। वाराणसी के आलौकिक दर्शन से कोई चूकना नहीं चाहता है। महादेव के भक्तों के लिए ये नगरी केवल धार्मिक स्थल नहीं है बल्कि उनके आराध्य का स्थान होता है। हर साल यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। विदेशी पर्यटक हो या भारतीय पर्यटक, एक बार वाराणसी घूमने जाने की सभी की इच्छा होती है। ऐसे में बढ़ती संख्या को देखते हुए जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी आने वाले श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के साथ गंगा स्नान और नाव की सवारी भी करते ही हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है।
गंगा स्नान करने वाले और नाव में यात्रा करने वाले किसी प्रकार की दुर्घटना का शिकार न बनें, उसे ध्यान में रखते हुए जल पुलिस द्वारा गठित पेट्रोलिंग टीम नाविकों के साथ बैठकर उन्हें सुरक्षा के सभी मानकों के अनुपालन करने के निर्देश देगी। इसके साथ ही नावों की क्षमता का भी जायजा लिया जाएगा। नाव की क्षमता के अनुसार ही यात्रा की जा सकेगी। इसके साथ ही नाव में यात्रा कर रहे लोगों का लाइफ जैकेट पहनना भी अनिवार्य होगा। नाव में आवश्यक सुरक्षा के उपकरण होने अनिवार्य है। जानकारी के अनुसार, जल पुलिस की टीम रामघाट से रामनगर तक चक्कर लागाने वाली नावों की जांच भी कर रही है। पुलिस ने इसके साथ ही नाविकों को नियमों के पालन करने की सख्त चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जो इन नियमों का पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गंगा स्नान करने वालों के लिए फ्लोटिंग जेटी
वाराणसी गंगा स्नान करने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्मार्ट सिटी की ओर से फ्लोटिंग जेटी लगाई जा रही है। लोगों की सुरक्षा के लिए वाराणसी के 6 घाटों पर फ्लोटिंग जेटी लगाई गई है। इतना ही नहीं लोगों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड का प्रयोग भी किया गया है। घाटों पर कई जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
