वाराणसी

Varanasi Traffic Diversion: शुक्रवार और शनिवार को शहर में इस रूट पर नहीं चलेंगी गाड़ियां, जानें वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 15, 2023, 01:38 PM IST

Varanasi Traffic Update: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में फिर बदलाव हुआ है। इस बार त्योहार को लेकर एक निश्चित रूट की ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। यह डायवर्सन शुक्रवार को लागू होगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश लागू कर दिया है। अभी एक दिन पहले भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव हुआ था।

Image

वाराणसी में शुक्रवार-शनिवार को डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • महाशिवरात्रि पर इस साल अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद
  • 225 दरोगा एवं इंस्पेक्टर, 1200 सिपाही एवं हेड कांस्टेबल रहेंगे तैनात
  • लक्सा थाना, बेनिया, सोनारपुर तिराहा और रामापुर तिराहा की तरफ से गाड़ियों का परिचालन गोदौलिया चौराहा की ओर रहेगा प्रतिबंधित


Varanasi Traffic News: शहर में महाशिवरात्रि पर शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। जिले के अलावा दूसरे राज्यों से भी शिव भक्त आते हैं। शहर स्थित बाबा विश्वनाथ धाम में बड़े स्तर पर पूजा होती है। इसके मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से शनिवार को दर्शन-पूजन खत्म होने तक मैदागिन से गोदौलिया तक नो व्हीकल जोन घोषित हुआ है। लक्सा थाना, बेनिया, सोनारपुर तिराहा और रामापुर तिराहा की तरफ से कोई भी गाड़ी गोदौलिया चौराहा की ओर नहीं जाएगी। रिक्शे का भी प्रवेश वर्जित रहेगा। पैदल राहगीर सिर्फ आ-जा सकेगी।

दरअसल, दो साल के कोरोना काल के बाद इस बार महाशिवरात्रि पर भारी संख्या में शिव भक्तों के आने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए जल पुलिस की भी तैनाती की गई है। गंगा की ओर ही पीएसी बाढ़ राहत दल और 11 एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। पूरे शहर में पीएसी की 8 कंपनी लगाई गई है।

एडिशनल एसपी,‌ डिप्टी एसपी तक सुरक्षा में रहेंगे तैनात

शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए उच्च अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 10 एडिशनल एसपी, 10 डिप्टी एसपी, 225 दरोगा एवं इंस्पेक्टर, 1200 सिपाही एवं हेड कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ में सादे लिबास में 200 से अधिक महिला और पुरुष जवान प्रतिनियुक्त रहेंगे। इतना ही नहीं लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के कर्मचारी भी माहौल पर पैनी नजर रखेंगे।

बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड भी रहेगा सक्रिय

दशाश्वमेध घाट से लेकर धाम क्षेत्र तक बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड नजर बनाए रखेगा। इसके साथ ही पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। कमिश्नरेट के सभी एसीपी, थाना प्रभारियों को निर्देश जारी हुआ है कि शिव बारात से संबंधित समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठकर समन्वय बनाया जाए। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए। ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा कोई अफवाह नहीं फैलाई जा सके। अगर, कोई अफवाह फैलाता है तो तत्काल उसका खंडन करें और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

राष्ट्रपति के आगमन पर भी बदली थी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के वाराणसी आगमन पर मंगलवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदली हुई थी। एयरपोर्ट से लेकर शहर के मुख्य मार्गों तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव हुआ था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article