Varanasi Weather: वाराणसी में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है, जिससे आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह से ही बादलों ने वाराणसी को घेर रखा है, हालांकि बीते दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
5 जुलाई से बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है, और 6 व 7 जुलाई को भी आसमान में घने काले बादल छाए रहने की उम्मीद है। इस दौरान ठंडी हवाएं चलने से मौसम राहतभरा और सुहावना रहेगा। गुरुवार को शहर में धूप और बादलों की आंखमिचौली चली, लेकिन दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का असर बढ़ा दिया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अनुमान है कि शुक्रवार को तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
