वाराणसी में निषाद पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति (SC) में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संजय निषाद ने BJP को चेताया कि यदि भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किए, तो 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि निषाद समुदाय राज्य की लगभग 60 विधानसभा सीटों पर जीत-हार तय करने की स्थिति में है, और उनकी नाराजगी चुनाव परिणामों को सीधे प्रभावित कर सकती है।
इसके अलावा, उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने जानबूझकर उनके बेटे को लोकसभा चुनाव में हरवाया और पार्टी के अन्य नेताओं को पार्टी से तोड़ा। संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी की और कहा कि उनके समय में सरकारी विभाग बेचे नहीं जाते थे।
उन्होंने जेपीएनआईसी विवाद पर योगी सरकार के कदम का समर्थन किया, जिसने इस 800 करोड़ की लागत वाले हाईटेक परिसर की देखरेख लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंप दी है।
