Varanasi News: कैंट रेलवे स्टेशन पर अगले महीने नया ओवरब्रिज चालू हो जाएगा। नई तकनीक से 10 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसे देश का सबसे चौड़ा रेलवे ओवरब्रिज बताया जा रहा है। इसका निर्माण जनवरी में ही पूरा होना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से काम प्रभावित हुआ। इससे पहले गार्डर लांचिंग के बाद काम में तेजी आई थी। अब कुछ तकनीकी परेशानियों की वजह से निर्माण कार्य पूरा होने की तिथि बढ़ रही है। इस ओवरब्रिज के चालू होने से यात्रियों को प्रमुख प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और स्केलेटर की सुविधा मिलेगी। प्लेटफॉर्म नंबर एक और प्लेटफॉर्म नंबर 9 के बीच यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे छावनी क्षेत्र गेट से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत हो जाएगी। बता दें 10 मीटर चौड़े और 144 मीटर लंबे ब्रिज पर भारी-भरकम गर्डर चढ़ाने में दो महीने का समय लगा। रेलवे प्रशासन ने इसे योजनाबद्ध तरीके से ब्लॉक लेकर पूरा कराया। इस ओवरब्रिज के चालू हो जाने पर कैंट स्टेशन पर तीन ओवरब्रिज हो जाएंगे।
