वाराणसी

बलिया में दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता; पुलिस की गिरफ्त में ननद और जेठानियां, पति फरार

बलिया जिले के कोटवा गांव में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो जेठानियों और एक ननद को गिरफ्तार कर पति की तलाश शुरू कर दी है।

Image

दहेज ने ली नवविवाहिता की जान

Photo : Times Now Digital

Ballia News: बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, कोटवा गांव निवासी नरेंद्र चौहान की 22 वर्षीय पत्नी सपना का शव शुक्रवार को उनके ससुराल में एक कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया गया। मनियर थाना प्रभारी रत्नेश दूबे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने मृतका की दो जेठानियों और एक ननद को गिरफ्तार कर लिया है।

नवविवाहिता सपना के नाना बब्बन चौहान की शिकायत पर पुलिस ने पति नरेंद्र चौहान, ननद चम्पा देवी और जेठानियों पूजा देवी व रीना देवी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी संतोष चौहान की पुत्री सपना की शादी 2 मार्च 2025 को मनियर थाना क्षेत्र के कोटवां गांव निवासी नरेंद्र चौहान से हुई थी।

बब्बन चौहान ने शिकायत में बताया कि उनके दामाद संतोष चौहान ने अपनी क्षमता के अनुसार ससुराल पक्ष को दहेज दिया था। बावजूद इसके, ससुराल पक्ष की ओर से उनकी नातिनी सपना पर बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर लगातार दबाव डाला जा रहा था। इस मांग को पूरा न कर पाने की स्थिति में सपना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

बब्बन चौहान ने आरोप लगाया कि अंत में सपना की हत्या कर दी गई और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए उसका शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में ननद चम्पा देवी और दोनों जेठानियों पूजा देवी व रीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य पति की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article